उमरिया (संवाद)।नगर के प्रतिष्ठित सीबीएसई विद्यालय आरसी स्कूल में आज वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। इस कार्यक्रम में अतिथि के रूप में नगर के प्रतिष्ठित एवं वरिष्ठ भारतीय जनता पार्टी के लोकप्रिय नेता श्री धनुषधारी सिंह एवं ‘जन दुनिया’ के मुख्य संपादक तथा जिले के वरिष्ठतम पत्रकारों में से एक श्री संतोष गुप्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ माता सरस्वती की वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात मुख्य अतिथियों ने परीक्षा परिणाम की प्रतीक्षा कर रहे विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को संबोधित किया। उन्होंने छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और मेहनत से आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।आज के कार्यक्रम में कक्षा नर्सरी से लेकर नौवीं और ग्यारहवीं तक की कक्षाओं के परीक्षा परिणाम घोषित किए गए। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय प्रांगण में विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
विद्यालय प्रशासन द्वारा कई सेल्फी प्वाइंट बनाए गए थे, जहाँ विद्यार्थियों ने विशेष अकादमिक पोशाक पहनकर अपने माता-पिता के साथ उत्साहपूर्वक सेल्फी ली। उन्होंने अपनी मार्कशीट के साथ अपने प्राप्तांक को भी प्रदर्शित किया। सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक आयोजित इस परीक्षा परिणाम वितरण कार्यक्रम में अभिभावकों और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी देखी गई। कार्यक्रम के समापन अवसर पर पूर्व भाजपा उपाध्यक्ष तथा वरिष्ठ नेता श्री चंद्र प्रकाश द्विवेदी एवं चंदिया, अंत्योदय समिति के अध्यक्ष श्री सुनील गुप्ता ने उपस्थित होकर छात्रों को परीक्षा परिणाम वितरित किए।

अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को आगे बढ़ने और समाज के बेहतर नागरिक बनने की प्रेरणा दी। विद्यालय प्रशासन ने इस सफल आयोजन के लिए सभी अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी प्रकार उच्च शैक्षणिक उपलब्धियों की कामना की।